चांद पर पहुंचा चंद्रयान-3, पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक क्षण

0

न्यूज डेस्कः    भारत का चंद्रयान-3 बुधवार को इतिहास रचते हुए चांद के साउथ पोल पर लैंड कर गया. चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग पर इसरो ने ट्वीट कर बधाई दी है. चांद के साउथ पोल पर अभी तक कोई नहीं पहुंचा था. भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन गया है.

हर भारतीय के लिए गर्व से सीना चौड़ा करने और मस्तक ऊंचा करने का समय है. भारत के बहुप्रतीक्षित चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ हो गई है. इस अभूतपूर्व और अप्रतिम उपलब्धि के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है. पृथ्वी के नैचुरल सैटेलाइट (चंद्रमा) के इस हिस्से में उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है क्योंकि अब तक जितने भी मिशन चंद्रमा पर गए हैं वे चंद्र भूमध्य रेखा के उत्तर या दक्षिण में कुछ डिग्री अक्षांश पर उतरे हैं. 

इसरो ने ट्वीट किया, “चंद्रयान-3 मिशन का संदेश- मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया हूं और आप भी. चंद्रयान-3 सफल रहा. चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए पूरे देश को बधाई.” चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल विक्रम के चंद्रमा पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग के बाद इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा, “भारत चंद्रमा पर है.”

विक्रम लैंडर की लैंडिंग के लाइव टेलीकास्ट में पीएम मोदी भी दक्षिण अफ्रीका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसरो के केंद्र से जुड़े हुए थे. पीएम मोदी ने पूरे देश को बधाई देते हुए कहा कि जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है. ये नए भारत का सूर्योदय है. हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया. भारत अब चंद्रमा पर है.

अब चंदा मामा बहुत दूर के नहीं

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इससे पहले कोई भी देश चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक नहीं पहुंचा है. हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं. भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है. यह सफलता पूरी मानवता की है. कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *